
खंडवा। सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के पश्चात खंडवा लोकसभा के उपचुनाव संपन्न हुए। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल ने 2 नवंबर धनतेरस के दिन विजय पताका फहराते हुए 80 हजार 140 वोटों से शानदार विजयश्री प्राप्त कर कलेक्टर से सांसद का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। सुनील जैन ने बताया कि जीत के पश्चात ज्ञानेश्वर पाटिल पहली बार जिला मुख्यालय खंडवा पहुंचे एवं सर्वप्रथम लाल चौकी स्थित महालक्ष्मी मंदिर में पूजा अर्चना कर अन्नकूट महोत्सव में शामिल हुए। वहीं लोकमान्य तिलक वार्ड के बूथ क्रमांक 241 के बूथ प्रभारी राजाराम मोरे के निवास पहुंचे। श्री पाटिल ने राजाराम मोरे का शाल श्रीफल व पुष्पमाला पहनाकर स्वागत व सम्मान किया। इस बूथ से ज्ञानेश्वर पाटिल 264 मतों से जीते थे। श्री पाटिल राजाराम मोरे के पूरे परिवार को भी स्वागत किया। इस अवसर पर लोकमान्य तिलक वार्ड के पार्षद संदेश गुप्ता, अनिल विश्वकर्मा के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सांसद श्री पाटिल का मुंह मीठा करा कर पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। ज्ञानेश्वर पाटिल इस बूथ के साथ ही शहर के लगभग दस स्थानों पर पहुंचे जहां सर्वाधिक मतों से उन्होंने विजयश्री प्राप्त की थी। वहां के भी बूथ प्रभारियों का श्री पाटिल ने स्वागत व सम्मान किया। खंडवा पहुंचे श्री पाटिल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि लोकसभा के उपचुनाव में जो मुझे यह जीत मिली है यह जीत स्व. नंदू भैया के साथ ही भाजपा के जांबाज कार्यकर्ताओं को समर्पित है। भाजपा प्रदेश संगठन एवं पार्टी के पदाधिकारी व जांबाज कार्यकर्ताओं की बदौलत मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को खंडवा संसदीय क्षेत्र की जनता ने आशीर्वाद प्रदान करते हुए मुझे सांसद बनाया है। अब मेरा फर्ज है कि संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यो में सक्रियता के साथ संघर्ष करते हुए अपने कदम आगे बढ़ाउंगा। स्व. नंदू भैया के अधूरे कार्यो को पूर्ण करना मेरी प्राथमिकता होगी, जिसमें महत्वपूर्ण रूप से इंदौर-इच्छापुर फोरलेन मार्ग को गति देना, वर्षो से लंबित खंडवा-इंदौर रेलवे ब्राडगेज कार्य तेजी से पूर्ण हो, वहीं खंडवा विधायक देवेन्द्र वर्मा द्वारा खंडवा में बायपास की जो स्वीकृति प्रदान करवाई गई है उस कार्य को प्राथमिकता से मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रयासों से पूर्ण कराउंगा। श्री पाटिल ने कहा कि लगातार दो वर्षो से कोरोना के चलते एवं दीपावली पर्व होने के कारण इस उपचुनाव में पिछले चुनाव की अपेक्षा 14 प्रतिशत मतदान कम हुआ, लेकिन क्षेत्र की जनता ने मुझे भरपूर आशीर्वाद प्रदान करते हुए एक बड़ी जीत दिलवाई है जिसका मैं तहेदिल से स्वागत करते हुए क्षेत्र की जनता का आभार मानता हूं। पूरे संगठन के साथ सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास को गति देना ही मेरा कत्र्तव्य होगा। होने वाले चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं के साथ हम चुनावी मैदान में उतरेंगे। पंचायत से लेकर नगरीय निकाय के चुनाव में भी भाजपा का कमल खिलाएंगे। लोकमान्य तिलक वार्ड के साथ ही श्री पाटिल संतोषी माता वार्ड, दादाजी वार्ड, भवानी माता वार्ड, लक्कड़ बाजार वार्ड, गणेश तलाई पहुंचे जहां पार्षदों के साथ क्षेत्रवासियों श्री पाटिल का स्वागत किया वहीं श्री पाटिल ने भी बूथ प्रभारियों का शाल श्रीफल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। श्री पाटिल के प्रथम दौरे में जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, संसदीय क्षेत्र की संचालन समिति के संयोजक विधायक देवेन्द्र वर्मा, राजेश तिवारी, अरूणसिंह मुन्ना, सुनील जैन, हरीश कोटवाले, आशीष राजपूत, सुधांशु जैन, आशीष चटकेले, जीवन डिंडोरे, पन्ना गुप्ता, चंद्रेश पचौरी, दीना पंवार, संदेश गुप्ता, राजेश यादव, प्रकाश यादव, गोपी शर्मा, मंगलेश तोमर, श्रृंगी उपाध्याय, भरत पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साथ थे।

