बुरहानपुर म.प्र. टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश के समृद्धिशाली इतिहास, परम्पराओं, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक समृद्धि, महापुरूषों, पर्यटन महत्व की संभावनाओं आदि से छात्र-छात्राओं को अवगत कराने तथा पर्यटन के माध्यम से जागरूक करने के उद्देश्य से ’’पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2024’’ आयोजित की जा रही है। इस संबंध में शिक्षा विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये है। प्रतियोगिता हेतु प्रतिभागी, टीम/विद्यालयों का पंजीयन कार्य 14 जून से 8 जुलाई, 2024 तक किया जा सकेगा।
क्विज प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सहायक संचालक जिला शिक्षा विभाग श्री रविन्द्र महाजन को नोडल अधिकारी तथा सहायक शिक्षक शासकीय उ.मा.वि. लालबाग श्री संजय गुप्ता को क्विज मास्टर नियुक्त किया गया है। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने निर्देशित किया है कि, नियुक्त क्विज मास्टर, प्रभारी अधिकारी जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद बुरहानपुर तथा डीएटीसीसी के सदस्यों के मार्गदर्शन में जिले में ’’पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2024’’ का आयोजन करना सुनिश्चित करेंगे।